अभिनव शुक्ला भारतीय टेलीविजन इंडस्ट्री के जाने माने एक्टर और मॉडल है। अभिनव अब तक कई टेलीविजन शो में काम कर चुके हैं। अभिनव शुक्ला ने साल 2008 में अपने टेलीविजन करियर की शुरुआत की थी। अभिनव शुक्ला इन दिनों टीवी के सबसे लोकप्रिय शो बिग बॉस के सीजन 14 में नजर आ रहे हैं। अभिनव शुक्ला ने अपनी पत्नी रुबीना दिलैक के साथ बिग बॉस के घर में एंट्री की है। अभिनव और रुबीना की जोड़ी को दर्शकों द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है। तो चलिए आज हम अभिनव शुक्ला की जिंदगी से जुड़े कुछ दिलचस्प पहलुओं के बारे में जानते हैं।

अभिनव शुक्ला का परिवार (Abhinav Shukla’s family)
अभिनव शुक्ला का जन्म 27 सितंबर 1982 को पंजाब के लुधियाना में हुआ था। अभिनव के परिवार में उनके माता-पिता, भाई और पत्नी है। अभिनव के पिता का नाम केके शुक्ला है। वह लुधियाना में पंजाब कृषि विश्वविद्यालय में एक एंटोमोलॉजिस्ट के रूप में काम करते थे। अभिनव की माता का नाम श्रीमती राधा शुक्ला है और वह गुरु नानक पब्लिक स्कूल (साराभा नगर, लुधियाना) में एक शिक्षक हैं। अभिनव शुक्ला के भाई एक नेवी अफसर हैं। अभिनव ने 21 जून 2018 को अभिनेत्री रुबीना दिलैक से विवाह किया था।

अभिनव शुक्ला की शिक्षा (Abhinav Shukla’s education)
अभिनव ने अपनी शुरूआती पढ़ाई गुरुनानक पब्लिक स्कूल लुधियाना से पूरी की है। उन्होंने साल 2004 में मोगा स्थित लाला लाजपत राय इंस्टिट्यूट ऑफ इंजिनियरिंग ऐंड टेक्नॉलजी से इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्यूनिकेशन इंजनियरिंग में बीटेक किया। इस दौरान उन्होंने आईआईटी दिल्ली की ओर से आयोजित एक टेक्निकल फेस्टिवल में हिस्सा लिया था और उन्हें बेस्ट डिजाइन अवॉर्ड से नवाजा गया था।

अभिनव शुक्ला का करियर (Abhinav Shukla’s career)
अभिनव ने अपने टीवी करियर की शुरुआत साल 2008 में श्वेता तिवारी स्टारर टीवी शो ‘जाने क्या बात हुई’ से की थी। इसके बाद अभिनव ने कई फेमस टीवी सीरियल जैसे ‘छोटी बहू’, ‘जर्सी नंबर 10’, ‘गीत’, ‘एक हजारों में मेरी बहना है’, ‘हिटलर दीदी’, ‘बदलते रिश्तों की दास्तां’, ‘दिया और बाती हम’, ‘सिलसिले बदलते रिश्तों’ में काम कर चुके हैं। टीवी के अलावा अभिनव ने फिल्मों में भी काम किया है। अभिनव शुक्ला अब तक ‘जय हो’, ‘रोर’, ‘अक्सर 2’ और ‘लुका छिपी’ जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं।

अभिनव शुक्ला की लव लाइफ (Abhinav Shukla’s love life)
बता दे कि अभिनव ने 21 जून 2018 को रुबीना दिलैक से विवाह किया था। अभिनव और रुबीना की मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के घर पर गणेश पूजा के दौरान हुई थी। इस दौरान दोनों की दोस्ती हुई, जो बाद में प्यार में बदल गई। रूबीना और अभिनव ने टीवी शो ‘छोटी बहू’, ‘सिंदूर बिन सुहागन’ में एक साथ काम किया है।

एडवेंचर का रहा है शौक
अभिनव शुक्ला को एडवेंचर का शौक रहा है। वह साल 2015 में अकेले ही साइकल से मनाली से लेह गए थे। अभिनव ने साल 2016 में अपने भाई के साथ चंद्र ताल से लेकर बारा-लच्छा ला तक 7 दिनों का ट्रैक किया था। इसके अलावा 23 जुलाई 2017 को अभिनव ने लद्दाख की सबसे ऊंची पहाड़ी स्टोक कांगरी पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की थी।
